होमगार्ड ने महिला को शादी के नाम पर छला, फुफेरे भाई की पत्नी को ठगा
बरेली। सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक होमगार्ड की हरकतों से तंग उसकी कथित पत्नी और फुफेरे भाई की पत्नी एक साथ एसएसपी दफ्तर पहुंची। एक ने उस पर झांसा देकर यौन उत्पीड़न करने तो दूसरी ने ठगी करने का आरोप लगाया। एसएसपी ने सुभाष नगर पुलिस को दोनों मामलों में जांच के आदेश दिए हैं।
सुभाष नगर निवासी महिला का आरोप था कि उसके पहले पति की मौत के बाद तीन बच्चों की परवरिश की समस्या थी। तब एक होमगार्ड ने उससे शादी और बच्चों की परवरिश का वादा करके काफी समय तक यौन उत्पीड़न किया। नोटरी के शपथपत्र पर शादी करने का ड्रामा भी किया पर पत्नी का दर्जा नहीं दिया। अब पति भागकर राजस्थान की लड़की से शादी करके वहीं बस गया है। वह कहता है कि पुलिस में उसके अच्छे संबंध हैं और उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकती। वहीं साथ आई दूसरी महिला ने आरोप लगाया कि होमगार्ड उसके पति का रिश्ते का ममेरा भाई लगता है। वह भी उसी मकान में रहती थी। रिश्तेदारी के भरोसे में होमगार्ड ने बताया कि वह एलआईसी का भी काम करता है। वह उसे जमा करने को अपने बीमे की कई किस्त देते रहे। अब उन्हें पता लगा है कि आरोपी ने कोई किस्त जमा नहीं की, बल्कि सब रकम हड़प ली है।