भोजीपुरा में किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश का मामला
आरोपी और उसकी बहन के खिलाफ रिपोर्ट, दोनों को तलाश रही पुलिस
भोजीपुरा (बरेली)। गुरुवार को धार्मिक कार्यक्रम से घर ले जाने के बहाने पिकप ड्राइवर ने पड़ोसी मुंहबोली बहन के साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी और उसकी बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपी के बहनोई को थाने में बैठाया गया है। आरोपी की गाड़ी बरामद हुई है जिससे पीड़ित का दुट्टा मिलने पर घटना की पुष्टि हो गई है।
इज्जत नगर के गांव निवासी 13 साल की किशोरी बुधवार को पड़ोसी गांव निवासी सहेली के घर नियाज में गई थी। गुरुवार रात नौ बजे उसके गांव का युवक अपनी पिकअप लेकर वहां से घर को चला। तब युवक की बहन ने किशोरी को भी अपने भाई के साथ जबरन घर जाने को बैठा दिया। घंघोरा घंघोरी के खेतों से गुजरते वक्त गाड़ी रोककर युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी गाड़ी से नंगे पैर कूदकर भागी और लखमपुर के प्रधान विनोद के घर शरण ली। विनोद ने किशोरी के गांव के प्रधान को बताया। तब प्रधान किशोरी के पिता के साथ लखमपुर से उसे लेकर थाने आए। दबंग ने थाने जाने से रोकने की भी कोशिश की।
देर रात दी गई तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपी हसन खां के साथ ही मददगार के तौर पर उसकी बहन के खिलाफ भी रिपोर्ट लिख ली। इसके साथ ही उनकी तलाश तेज की। दोनों नहीं मिले। आरोपी के घर के पीछे से उसकी पिकप मिल गई। उसमें लड़की का दुपट्टा मिल गया।
गुंडा एक्ट के आरोपी हैं बाप-बेटे, फैसले का दबाव
- आरोपी हसन खां के साथ ही उसके पिता और भाई प्रेमनगर थाने से गुंडा एक्ट में बरसों पहले से निरुद्ध हैं। इन लोगों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। आरोपी यूं तो इस किशोरी को अपनी बहन की सहेली होने के नाते बहन कहकर ही बोलता था पर उसने इस तरह की हरकत करके रिश्ते को शर्मसार कर दिया। किशोरी के परिवार का आरोप है कि आरोपी काफी प्रभावशाली हैं। वह उन लोगों पर दबाव डलवा रहे हैं कि फैसला कर लें। पुलिस अफसरों से जल्दी मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान की मांग करेंगे।
- पीड़ित के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों के घर पर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी घर से फरार हैं। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - मनोज त्यागी, इंस्पेक्टर भोजीपुरा