बहेड़ी। ओवरटेक करते समय दंपती की बाइक साइड लगने से रेते से भरे ट्रक में जा घुसी। दंपती की ट्रक के पिछले पहिये से कुचलकर मौत हो गई। दादी की गोद में बैठा तीन साल का मासूम उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसके सिर में चोट आई है। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को देवरनिया पुलिस ने कठर्रा के पास पकड़ लिया। हादसे के बाद नैनीताल हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस को एक तरफ का ट्रैफिक रोककर दूसरी साइड से वाहन गुजारने पड़े।
हथमना निवासी भीमसेन (55) पत्नी कमला देवी (50) और तीन साल के पोते तरुण के साथ पंडरी जादौपुर गांव में अपनी ससुराल जा रहे थे। गुड़वारा गांव के पास मंदिर के सामने भीमसेन रेत लदे ट्रक को ओवर टेक कर रहे थे। इस दौरान ट्रक ने बाइक को साइड मार दी। इससे बाइक ट्रक के पिछले टायरों के बीच जा घुसी। दादी कमला की गोद में बैठा तरुण उछल कर सड़क की दूसरी साइड में जा गिरा, जबकि भीमसेन और कमला टायर के नीचे आ गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक ट्रक लेकर भाग गया। शोर मचा तो भीड़ लग गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने वायरलेस से देवरनिया थाने को सूचना दी। इस पर देवरनिया पुलिस ने कठर्रा के पास ट्रक को पकड़ लिया। तरुण हादसे से बेहद डरा हुआ है। उसके सिर में पीछे चोट लगी है। भीमसेन के पुत्र सुनील ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
बाबा-दादी को तो उठाओ.. रो रोकर भीड़ से कह रहा था मासूम तरुण
तीन साल के मासूम तरुण की हिम्मत की वहां मौजूद सभी लोग दाद दे रहे थे। उसके सिर में चोट लगने से खून बह रहा था। खून से लथपथ हालत में भी वह भीड़ से रोते हुए बस यही रट लगाए था कि कोई तो उसके बाबा-दादी को उठा दे। उन्हें क्या हो गया है। लोगों ने उसे पकड़ लिया तो वह दादी के पास जाने की जिद करने लगा। उसे नहीं पता था कि उसके बाबा-दादी अब इस दुनियां में नही हैं। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो नैनीताल रोड पर चीत्कार मच गया।
दावत खाने ससुराल जा रहे थे भीमसेन
भीमसेन की ससुराल पंडरी जादौपुर गांव में है। वह ससुराल में दावत में शरीक होने जा रहे थे। कई दिनों से वह पत्नी के साथ ससुराल जाने की तैयारी कर रहे थे। जब भीमसेन पत्नी के साथ घर से निकलने को हुए तो उनका तीन साल का पोता तरुण भी साथ चलने की जिद करने लगा। उसे समझाया भी, लेकिन नहीं माना तो भीमसेन ने उसे भी साथ ले लिया।