बरेली। गोकश के गुनाहों पर पर्दा डालना भोजीपुरा थाने में तैनात सिपाही को भारी पड़ गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उसके खिलाफ जांच बैठा दी है।
एसएसपी के पीआरओ अमित पांडेय ने बताया कि 27 जनवरी को भोजीपुरा में गोकशी का मामला दर्ज हुआ था। इसके आरोपी भोजीपुरा के मौलागढ़ निवासी राजू कुरैशी को 14 फरवरी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ में राजू के पैर में गोली लगी थी। राजू के खिलाफ गोकशी और तस्करी के 19 मुकदमे दर्ज हैं। राजू भोजीपुरा थाने में तैनात सिपाही विशु की बीट के क्षेत्र में रहता है।
इसके बाद भी विशु ने राजू के बारे कोई सूचना बीट रजिस्टर में अंकित नहीं की। लंबा आपराधिक इतिहास होने के बावजूद उच्चाधिकारियों को निरोधात्मक कार्रवाई के लिए सिपाही ने अवगत नहीं कराया। सिपाही की लापरवाही की जांच सीओ हाईवे कर रहे थे। जांच रिपोर्ट मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही विशु को निलंबित कर दिया। उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।