बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र में बदायूं रोड गन्ना मिल के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही गाय को टक्कर मार दी, जिससे गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने जुटकर ट्रक चालक को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाय कुछ दूर तक घिसटती चली गई और सड़क पर तड़पने लगी। इससे आक्रोशित लोगों ने ट्रक रोककर चालक को पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और भीड़ से चालक को बचाकर हिरासत में ले लिया।
चौराहे पर लगा लंबा जाम
घटना को लेकर मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और देखते ही देखते गन्ना मिल चौराहे पर लंबा जाम लग गया। लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे यातायात घंटों बाधित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुलाया और जाम को खुलवाया। पुलिस ने घायल गाय को पशु चिकित्सक की सहायता से इलाज के लिए भिजवाया और ट्रक को कब्जे में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गन्ना मिल के पास अक्सर ट्रक तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनवाने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है।