नगर निगम ने विरोध के बीच अवैध तरीके से बनी दुकानें तोड़ीं
शहर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 30 जून को प्रस्तावित दौरे को लेकर हवाई अड्डे से आईवीआरआई तक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर चमकाया जा रहा है। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को आईवीआरआई मार्ग पर अतिक्रमण अभियान चलाया। इस दौरान टीम का विरोध भी हुआ।
संयुक्त नगर आयुक्त मयंक यादव ने टीम लेकर आईवीआरआई के द्वार से बैरियर टू तक अवैध कब्जे हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान दो दुकानें तोड़ी गईं और कई फड़ हटाए गए। अतिक्रमण का सामान जब्त किया गया। अतिक्रमण करने वालों से 60 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है।
वहीं, राष्ट्रपति का काफिला जिन सड़कों से निकलेगा उनको ठीक कराया जा रहा है। गड्ढे भरकर डिवाइडर पर रंग-रोगन करने के साथ ही पौधे लगाए जा रहे हैं। प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।