सजा सुनाए जाने के दौरान पर्दे के पीछे बैठाया गया था दोनों अभियुक्तों को
अभियुक्तों के वकील ने कहा- परिवार चाहेगा तो हाईकोर्ट में करेंगे अपील
बरेली। अदालत ने जब फैसला सुनाया तो बच्ची के दोनों हत्यारे भी मौजूद थे लेकिन उन्हें लोगों की नजर से बचाने के लिए एक पर्दे की आड़ में बैठाया गया था। मौत की सजा सुनाए जाने के बाद दोनों को पुलिस जब वापस जेल ले जा रही थी, उस वक्त दोनों के चेहरे फक्क थे। सदमे से हाल में दिख रहे दोनों दरिंदे बाहर निकलते वक्त किसी से कुछ नहीं बोले। उनके वकील ने जरूर कहा कि इस फैसले के खिलाफ वह हाईकोर्ट में अपील करेंगे।
सजा सुनाए जाने से पहले ही पॉक्सो कोर्ट दोनों पक्ष के वकील और फैसला सुनने आए लोगों से खचाखच भर गई थी। अभियुक्तों को एक कोने में पर्दे के पीछे बैठाया गया था। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट सुनील कुमार यादव के फैसला सुनाकर जाने के बाद जब वकीलों ने अभियुक्तों को सजा की जानकारी दी तो उनके चेहरों का रंग उड़ गया। वकीलों के जरिये पता लगा कि दोनों अभियुक्त और उनके परिवार के लोग यह मानकर चल रहे थे कि ज्यादा से ज्यादा उन्हें उम्रकैद की सजा मिलेगी। पीड़िता के परिवार की ओर से पैरवी न किए जाने की भी वजह से भी यह उम्मीद थी कि उम्रकैद होने के बाद अपील के जरिये जमानत का भी रास्ता बना लिया जाएगा। मगर फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद ये उम्मीदें धरी रह गई।
अदालत के फैसला सुनाने के बाद शाम पौने पांच बजे उन्हें अदालत से बाहर लाया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और पुलिस के साथ तेजी से निकल गए। मुरारीलाल के पिता व चचेरे भाई ने कहा कि वह अपने वकीलों से बात करके आगे की कार्रवाई तय करेंगे। अभियुक्तों के वकील घनश्याम ने बताया कि कई बार ऐसे बिंदु रह जाते हैं जहां कोर्ट को गुमराह कर दिया जाता है। इस केस में भी कुछ ऐसा ही ुआ है। अभियुक्तों के परिजन चाहेंगे तो वह हाईकोर्ट में अपील करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि हाईकोर्ट से न्याय मिलेगा।
पहले से गांव में बदनाम था मुरारीलाल
मुख्य आरोपी मुरारीलाल की आम शोहरत अपने गांव में भी काफी खराब थी। इस घटना से पहले उसके खिलाफ कोई केस तो दर्ज नहीं था लेकिन चरित्र और अपनी हरकतों को लेकर वह चर्चा में रहता था। गांव की लड़कियां उसकी हरकतों की वजह से उसका रास्ता छोड़कर चलती थीं। इस घटना के बाद और केस की सुनवाई में यह बातें चर्चा में आईं। डीजीसी क्राइम ने मीडिया से वार्ता के दौरान इसका जिक्र किया।