बरेली। अधिवक्ता पर तेजाब से हमला करने के मामले में बारादरी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। किला जसौली के रहने वाले नीलकांत पाठक अधिवक्ता हैं। आरोप है कि 25 सितंबर को वह स्कूटी से संजयनगर होते हुए सुरेश शर्मा नगर जा रहे थे। रास्ते में दुर्गानगर मोड़ पर बाइक सवार अशोक नगर के अजीत गुप्ता और काशीराम आवासीय कॉलोनी के कुलदीप मिले। इनके हाथ में कांच का गिलास था जिसमें तेजाब था। दोनों ने उनके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। आंखों में जलन होनी लगी। वह बारादरी थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसएसपी से भी मिले। उन्होंने जांच का भरोसा दे दिया। नीलकांत पाठक ने कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली। एसीजेएम प्रथम ने उनके प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद बारादरी को पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में अजीत और कुलदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।