बरेली। बारादरी के गंगापुर इलाके की दुकान में चल रहे ट्रांसपोर्ट कंपनी के दफ्तर पर मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। एक पक्ष के साथ आई महिला कांस्टेबल ने दुकान के ताले तोड़ दिए और अपने ताले लगाने की कोशिश की। दो दिन बाद सीसीटीवी फुटेज लेकर व्यापारियों ने एसपी सिटी से मिलकर आरोप लगाया कि दुकान में रखे 70 हजार रुपये भी चोरी कर लिए गए हैं। एसपी सिटी ने उन्हें बारादरी थाने भेज दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों पक्षों को उस दिन पुलिस ही थाने से मौके पर लेकर गई थी। दावा कर रहे दोनों पक्षों ने अपने ताले डाले थे। रुपये चुराने की बात गलत है। जो सत्यता होगी, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी नेताओं के साथ जाकर बीडीए कॉलोनी करगैना निवासी अंतेश गुप्ता ने एसपी सिटी अभिनंदन सिंह को बताया कि वह वर्ष 1995 में गंगापुर की एक दुकान में किराये पर अपना ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। एक अक्तूबर को इंटर कॉलेज के एक शिक्षक अपने परिवार के कुछ लोगों को लेकर दुकान पर आए। उनके साथ सादा कपड़ों में एक महिला कांस्टेबल भी थी जो पहले बारादरी थाने में ही तैनात रह चुकी है। इन लोगों ने दुकान के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे करीब 70 हजार रुपये निकाल लिए। जब तक सूचना पर वह और यूपी 100 पुलिस पहुंची, ये लोग दुकान में अपना ताला डालकर निकल गए। एसपी सिटी को वह सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई जिसमें ये लोग ताले तोड़ते दिख रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में शोभित सक्सेना, अमरजीत बख्शी, आशु बेग, प्रथमेश गुप्ता आदि शामिल थे।