बरेली। दहेज हत्या के एक मुकदमे में गवाही देने पहुंचे फरीदपुर के नायब तहसीलदार गवाही देते हुए घबराकर अचानक बेहोश होने के बाद गिर गए। इससे अदालत में मौजूद लोग सकते में आ गए। कुछ देर बाद नायब तहसीलदार होश में आए तो गवाही पूरी हुई।
थाना नवाबगंज में नवंबर 2017 में लोचन सिंह की ओर से दहेज के लिए अपनी बेटी की हत्या कर दिए जाने की एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इस मुकदमे की एडीजे एमए खान की अदालत में सुनवाई चल रही है। लोचन सिंह की बेटी की मौत के बाद नायब तहसीलदार प्रभात कुमार ने पंचायतनामा भरा था, जो अब फरीदपुर तहसील में तैनात हैं। बृहस्पतिवार को अदालत में उन्हें इस मुकदमे में गवाही देने के लिए बुलाया गया था। अदालत में गवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद नायब तहसीलदार चक्कर खाकर गिर पड़े और बेहोश हो गए। यह घटना देखकर अदालत में मौजूद लोग चौंक गए। नायब तहसीलदार को उठाकर अदालत में ही एक बेंच पर लिटाया गया। इत्तफाक से इस दौरान अदालत में एक डॉक्टर भी मौजूद थे जिन्होंने उनका परीक्षण करने के बाद बताया कि खतरे की कोई बात नहीं है। संभवत: अत्यधिक गर्मी की वजह से नायब तहसीलदार को गश आ गया। कुछ देर बाद नायब तहसीलदार को होश आ गया जिसके बाद उन्होंने गवाही पूरी की।