मथुरा से मक्का भरकर रुद्रपुर ले जा रही रुद्रपुर विशेष मालगाड़ी की इज्जतनगर स्टेशन से निकलते ही कपलिंग टूट गई। जिससे इंजन आगे निकल गया और डिब्बे ट्रैक पर ही घिसटते हुए रुक गए। रेलवे की टेक्नीकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दूसरे इंजन से डिब्बों को पीछे खींच कर ट्रैक क्लियर किया गया। इससे बरेली से पीलीभीत और लालकुआं जाने वाली दो गाड़ियां 35-35 मिनट लेट हुईं, वहीं लालकुआं से आने वाली ट्रेन को 30 मिनट के लिए भोजीपुरा में ही रोक दिया गया। इसके बाद दूसरे इंजन से मालगाड़ी को रुद्रपुर के लिए भेजा गया।
मथुरा से मक्का भरकर रुद्रपुर ले जा रही रुद्रपुर विशेष मालगाड़ी बुधवार सुबह 10:40 बजे इज्जतनगर स्टेशन से लाइन नंबर एक से गुजरी। स्टेशन से गुजरते हुए ट्रेन की स्पीड धीमी थी। स्टेशन से निकलते ही डाकखाना फाटक पर इंजन से जुड़े डिब्बों के बीच की कपलिंग टूट गई, जिससे डिब्बे ट्रैक पर ही रह गए और इंजन करीब 50 मीटर आगे दौड़ता हुआ चला गया। इसकी जानकारी होने पर लोको पायलट ने इंजन को रोका और जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम को दी। आनन फानन में रेलवे की टेक्नीकल टीम मौके पर पहुंची। इज्जतनगर का इंजन लगाकर ट्रैक पर खडे़ डिब्बों को पीछे खींचकर ट्रैक क्लियर किया गया। लालकुआं से 11:38 पर भोजीपुरा आई ट्रेन को 30 मिनट तक स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इधर इज्जतनगर का दूसरा इंजन लगाकर मालगाड़ी को रुद्रपुर के लिए रवाना किया गया।
इंजन में गड़बड़ी होने से टूटी कपलिंग, डीआरएम को सौंपी रिपोर्ट
मथुरा से मक्का से भरी मालगाड़ी खींचकर ला रहे रतलाम के इंजन में गड़बड़ी होने से कपलिंग टूटी। इसका खुलासा रेलवे की तीन सदस्यीय टीम की जांच में हुआ है। जांच रिपोर्ट सीनियर डिवीजन मेकेनिकल इंजीनियर के माध्यम से डीआरएम को भेजी गई है।
टीम में शामिल सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सीएनडब्ल्यू,) विकास सक्सेना, चीफ लोको इंस्पेक्टर विकास वर्मा और चीफ ट्रैफिक इंस्पेक्टर आरके सागर ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पहले उन्होंने टूटी कपलिंग को देखा। फिर रतलाम के इंजन को चेक किया। पता चला कि इंजन में तकनीकी गड़बड़ी होने से कपलिंग टूटी थी। इसकी रिपोर्ट टीम ने सीनियर डिवीजन मेकैनिकल इंजीनियर को सौंपी। इसके बाद यहां से यह रिपोर्ट डीआरएम को भेजी गई। अब डीआरएम रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद ही लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करेंगे। इससे लापरवाह लोगों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
आरडीएसओ लखनऊ भेजी जाएगी टूटी कपलिंग
टूटी कपलिंग इज्जतनगर स्थित डीजल शेड में भेज दी गई है। जिसकी पहले यहां जांच होगी कि टूटने की वजह क्या रही, इसके बाद इस कपलिंग को आरडीएसओ लखनऊ में भी जांच के लिए भेजा जाएगा।
दिलीप कुमार पांडेय वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर