बरेली। सात फेरों से शुरू सात जन्मों का साथ बीते कल की बात हो गई है। विवाहेतर संबंधों में उलझकर दंपती परेशान हो रहे हैं। एक-दूसरे की साजिश की वजह से तमाम जिंदगियां फना हो रही हैं। हाल के दिनों में नीले ड्रम का खौफ बढ़ा है, पर बरेली में पहले भी जीवनसाथी की हत्या या हत्या की साजिश रचने के कई मामले प्रकाश में आए हैं। ऐसे आरोप में जिला जेल में कई महिलाएं और पुरुष निरुद्ध हैं। पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो दो साल में पति द्वारा पत्नी की हत्या के पांच और पत्नी द्वारा पति की हत्या के दो ही मामले सामने आए हैं। इनमें केहर सिंह और नरेंद्र की हत्या का मामला शामिल है।
पति को जहर देकर किया बेहोश, फिर गला दबाया
केस एक
फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत के सफाईकर्मी केहर सिंह का शव 13 अप्रैल की रात किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला था। उसकी पत्नी रेखा ने अलीगंज में रहने वाले केहर सिंह के परिजनों को सूचना दी कि पति ने आत्महत्या कर ली है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। तीन दिन बाद केहर के भाई ने भाभी रेखा व उसके प्रेमी पिंटू सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पूछताछ में दोनों ने खाने में जहर देकर बेहोश करने और फिर गला दबाने की बात कबूल कर ली। अब दोनों जेल में हैं।
सुपारी देकर कराई पति की हत्या, शव फिरोजाबाद ले जाकर जलाया
केस दो
इज्जतनगर क्षेत्र में सरकारी शिक्षक अवधेश सिंह की पत्नी विनीता ने 12 अक्तूबर 2020 को अपने प्रेमी व भाड़े के हत्यारों से पति की हत्या करा दी। इसके बाद विनीता शव को कार की डिकी में डालकर फिरोजाबाद ले गई। इस दौरान दो कारों में लोग गाने बजाते और मस्ती करते निकले और फिरोजाबाद में शव जलाकर जमीन में दबा दिया। पुलिस ने इस मामले में प्रेमी, सुपारी किलर के साथ ही विनीता व उसके परिजनों को भी जेल भेजा।
पति को प्रेमी से शराब पिलवाकर की हत्या
केस तीन
जोगी नवादा में चांदनी ने शादी के दो सप्ताह बाद ही प्रेमी अरविंद व उसके दोस्तों से पति सोनू की हत्या करवा दी। सोनू को पार्टी के बहाने बुलाकर पहले शराब पिलाई और फिर हत्या कर दी गई। जांच में सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस से सुराग मिला तो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई। पता लगा कि इन लोगों ने हत्या के बाद रामपुर रोड पर शंखा पुल से शव नदी में फेंक दिया था। चांदनी और सभी आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए।
नाबालिग फेसबुक फ्रेंड से कराई पति की हत्या
केस चार
कैंट के कांधरपुर गांव के रोहित का शव परगवां के पास सात जनवरी 2023 को मिला था। उसका गला कटा हुआ था। पुलिस ने रोहित की पत्नी आरती का फेसबुक अकाउंट देखा तो पता लगा कि वह दिन-रात चैटिंग करती थी। फिर 16 वर्षीय प्रेमी पकड़ा गया। पता लगा कि दो महीने पहले ही फेसबुक पर दोनों की दोस्ती हुई थी। रोहित इनके प्यार में बाधा बन रहा था, इसलिए आरती ने उसे रास्ते से हटाने के लिए कह दिया। नाबालिग के साथ ही उसका दोस्त भी गिरफ्तार किया गया।
वर्जन
इस तरह के अपराध के पीछे प्रेम प्रसंग व अलग-अलग वजहें भी सामने आती हैं। अपराधी महिला हो या पुरुष, विवेचना के बाद पुलिस असली दोषियों के खिलाफ ही चार्जशीट लगाती है। - अनुराग आर्य, एसएसपी