बरेली। आंवला में बंद ईंट भट्ठे में अवैध असलहे बना रहे बदायूं निवासी योगेंद्र प्रताप सिंह, रजत प्रताप सिंह उर्फ शंकर, रामगोपाल और अवधेश को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। मौके से 12 तमंचे, एक पौनिया, एक देसी राइफल, एक कारतूस, सात नाल, ट्रिगर, स्प्रिंग, कार, चार मोबाइल फोन और हथियार बनाने का सामान बरामद हुआ।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों का नेटवर्क बदायूं से कासगंज तक फैला है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क व सोशल मीडिया खातों की जांच कर रही है।
एसपी दक्षिणी के मुताबिक, पूछताछ में रामगोपाल और अवधेश ने बताया कि वे तमंचे बनाते और पुराने तमंचों की मरम्मत करते हैं। योगेंद्र और रजत इन तैयार हथियारों को कम कीमत पर खरीदकर आगे अधिक दाम पर बेचते थे। आरोपी दो साल से खरीदारों की मांग के मुताबिक हथियार बना रहे थे। इन्होंने बताया है कि चुनाव से पहले इस तरह के हथियारों की मांग बढ़ जाती है।
वर्जन
चारों आरोपियों के खिलाफ आंवला थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद कार को सीज किया गया। योगेंद्र प्रताप सिंह और रजत प्रताप सिंह उर्फ शंकर के खिलाफ बदायूं जिले के विभिन्न थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। - अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिणी