बुधवार को आनी है बरात, दो दिन से लापता थे घनश्याम
हाफिजगंज (बरेली)। थाना क्षेत्र के गांव साबरखेड़ा के एक किसान का सोमवार सुबह गांव से थोड़ी दूर खेत में खड़े पेड़ से शव लटका मिला। दो दिन बाद उसकी बेटी की बरात आनी है। किसान शादी के खर्च को लेकर परेशान था। दो दिन पहले वह घर से लापता हो गया था।
गांव निवासी घनश्याम के दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी उन्होंने चार साल पहले कर दी थी। बेटी-दामाद उनके पास ही रहते हैं। घनश्याम ने छोटी बेटी शशि की शादी सीबीगंज के गांव धंतिया ट्यूलिया से तय की। एक जुलाई को बरात आनी है। घनश्याम शनिवार सुबह घर से निकले थे। इसके बाद नहीं लौटे। दो दिन तक परिजन उन्हें ढूंढते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांव के ही पास महातिया के खेत में खडेट पापुलर के पेड़ से उनका शव लटका मिला। ग्रामीण घनश्याम का शव पेड़ से उतारकर घर ले आए। शव मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिर्फ डेढ़ बीघा जमीन है नाम
छोटी बेटी की बरात बुधवार को आने वाली है, लगभग सभी तैयारियां हो चुकी हैं, लेकिन ग्रामीणों की मानें तो घनश्याम शादी को लेकर बहुत तनाव में थे, शायद इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली। उनके पास महज डेढ़ बीघा जमीन थी। दो बेटियां हैं, कोई बेटा नहीं है। पत्नी की 10 साल पहले मौत हो चुकी है।