बरेली। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल समिति की कोर कमेटी की बैठक शुक्रवार को एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रांतीय उपाध्यक्ष अनूप अग्रवाल और रितेश मोहन गुप्ता ने नए सदस्यों को सदस्यता ग्रहण कराई।
बैठक का मुख्य विषय एकमुश्त समाधान योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर रहा। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार द्विवेदी के समक्ष व्यपारियों ने अपनी दिक्कतें रखीं। अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि कई बिलों में पिछली बकाया धनराशि को दोबारा जोड़ दिया गया है, जबकि उसका भुगतान पहले ही किया जा चुका है।
मंडल महामंत्री संजीव अग्रवाल ने एक ही भवन की दो-दो आईडी बनाने की बात कही। प्रदेश संगठन मंत्री नीलेश अग्रवाल ने जीआईएस सर्वे में भवनों का क्षेत्रफल गलत दर्ज होने का मुद्दा उठाया। मांग की गई कि योजना की सफलता और व्यापारियों को मानसिक राहत देने के लिए बिलों को तुरंत दुरुस्त किया जाए तथा म्यूटेशन के मामलों का शीघ्र निस्तारण हो। इस दौरान महामंत्री सुदेश अग्रवाल, राजकमल भसीन, पंकज रोहतगी, सचिन गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, मुकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।