बरेली। अब सैंपल के अनुपात में संक्रमित मिलने का औसत घटने लगा है। दो दिनों में करीब छह हजार सैंपल में ढाई सौ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरुवार को दो और संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 128 हो गई है। नवादा की रहने वाली 36 वर्षीय युवती बीते दिनों संक्रमित मिली थीं। उसे कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, साहूकारा के 72 वर्षीय बुजुर्ग को आठ-दस दिनों से बुखार की शिकायत थी। संक्रमण की पुष्टि होने पर उन्हें भी कोविड एल-2 में भर्ती कराया था। दोनों की गुरुवार को मौत हो गई। इधर, 107 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें भाजपा महानगर अध्यक्ष और आईटीबीपी का जवान भी शामिल है।