एसएसपी ने जारी की एडवाइजरी, लिंक क्लिक न करने की सलाह दी
बरेली। कोरोना की दहशत भी ठगों का नया हथियार बन गई है। कोरोना से बचाव के तरीके या सरकारी गाइड लाइन बताने का झांसा देकर हैकर लोगों को मोबाइल पर लिंक भेज रहे हैं जिसे ओपन करते ही उनके अकाउंट की डिटेल हासिल कर उनके खाते का बैलेंस साफ कर दे रहे हैं। एसएसपी ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों को इस तरह के लिंक पर क्लिक न करने को कहा है।
कोरोना की दहशत के माहौल में लोग इंटरनेट पर बचाव के तरीके ढूंढ रहे हैं। ऐसे में साइबर ठग भी सोशल मीडिया पर एक्टिव हो गए हैं। वह कोरोना से बचाव व कोरोना को लेकर शासन की नई गाइड लाइन जानने का झांसा देते हुए लोगों को मोबाइल पर लिंक भेज रहे हैं। ऐसे में आपकी थोड़ी सी चूक आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है। एसएसपी शैलेश पांडेय ने अपने संदेश में कहा है कि कोरोना वायरस से बचाव और जागरूकता के संबंध में आए हुए लिंक साइबर अपराधियों की हरकत हो सकते हैं। आपके बैंक खाते की जानकारी उन तक पहुंच सकती है जिस कारण आपके खाते को हैक कर खाता खाली किया जा सकता है। एसएसपी ने जिले के नागरिकों से ऐसे किसी लिंक पर क्लिक न करने की अपील की है।