सुबह 10 बजे से शुरू होगी ड्राईरन मॉकड्रिल, 16 सौ स्वास्थ्यकर्मी संभालेंगे जिम्मेदारी
बरेली। मकर संक्रांति के बाद कोरोना वैक्सीन आने की उम्मीदों के बीच सोमवार को वैक्सीनेशन के लिए सभी केंद्रों पर ड्राईरन मॉकड्रिल होगी। व्यवस्थाएं परखने के लिए नोडल अफसर भी केंद्रों पर मुस्तैद रहेंगे। वैक्सीनेशन कराने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से सारी तैयारियां पूरी होने की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अफसरों को निगरानी का जिम्मा सौंपा है। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक जिले के निर्धारित 55 केंद्रों पर 107 सेशन में 16 सौ लोगों का डमी वैक्सीनेशन होगा।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने महामारी अधिनियम के तहत टीमों को को-विन वैैक्सीन के ड्राईरन के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया क राने और आने वाली समस्याओं को दूर करने को कहा है। आदेश में प्रत्येक केंद्र पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से रिकॉर्डिंग करने, नोडल अफसरों को फैसिलिटी सेंटर पर वैक्सीनेशन चैंबर, ऑब्जरवेशन रूम की व्यवस्था परखने, लॉजिस्टिक की व्यवस्था, ड्राईरन के चयनित लाभार्थी को सुबह नौ बजे तक फैसिलिटी सेंटर तक पहुंचाने, पोर्टल पर सूचनाओं की फीडिंग, फैसिलिटी सेंटर पर इंटरनेट की सुविधा रखने को कहा है। उन्होंने कोल्ड चेन प्वॉइंट से सेंटर तक प्रति सत्र में दो वैक्सीन कैरियर पहुंचाने, वाहन की व्यवस्था करने, रूट चार्ट के हिसाब से वाहन चालकों का सत्यापन, समय से वैक्सीन फैसिलिटी सेंटर तक पहुंचाने, वैक्सीन कैरियर को सुरक्षित रखवाने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि मॉकड्रिल की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।