लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती संभावित संक्रमित ग्रामीण की शनिवार को मौत हो गई। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया। लखनऊ भेजे गए ग्रामीण के सैंपल की जांच रिपोर्ट रविवार को आने की संभावना है। शव को सुरक्षित तरीके से सील कर दिया गया है।
संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति व उसकी पत्नी कुछ समय से बीमार थे। दोनों लोग भीरा थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। तबीयत में सुधार न होने पर वे गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने दंपती को कोरोना संदिग्ध मानकर में कोरोना वार्ड में भर्ती करा दिया। दोनों के सैंपल शुक्रवार को लखनऊ भेजे गए। शनिवार शाम को पति ने दम तोड़ दिया। जानकारी डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह को दी गई। डीएम ने भेजे गए सैंपल के संबंध में लखनऊ से जानकारी ली तो बताया गया कि रविवार को रिपोर्ट आएगी।
मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका एक बेटा है जो अपने परिवार के साथ विदेश में रहता है। पांच साल से वह यहां नहीं आ सका है।
कोरोना वार्ड में भर्ती संभावित संक्रमित ग्रामीण की मौत हो गई है, उसकी जांच रिपोर्ट रविवार तक आएगी। यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसके संपर्क में कौन-कौन आया था उसकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल उसके शव को सुरक्षित तरीके से पैक कराकर रखवा दिया गया है।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम