बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कुल 85 मेधावियों को पदक प्रदान किए जाएंगे, जबकि 102 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि मिलेगी। एक शोधार्थी को डीलिट की उपाधि भी दी जाएगी, जो विश्वविद्यालय द्वारा दूसरी बार प्रदान की जा रही है।
मुख्य अतिथि कुलाधिपति राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंच से 23 पदक प्रदान करेंगी। शेष 62 पदक पांचाल प्रेक्षालय में कुलपति द्वारा दिए जाएंगे, जिसका रिपोर्टिंग समय सुबह सात बजे है। इस बार एमए संस्कृत की दो छात्राओं को पदक मिलेगा, जिनमें अमरोहा के श्रीमन दयानंद कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की एक छात्रा शामिल है। दूसरी छात्रा अंजलि के दावे को सही पाए जाने के बाद कुलपति ने उन्हें भी पदक देने की मंजूरी दी। बीलिब और एमलिब की टॉपर छात्राओं को भी पदक दिए जाएंगे, जो पहले सूची में नहीं थे। पीएचडी और डीलिट की उपाधियां चीफ प्रॉक्टर कार्यालय से प्राप्त की जा सकेंगी। भारत सरकार में पूर्व संयुक्त सचिव स्वास्थ्य डॉ. राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उच्च शिक्षामंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी भी विशेष अतिथि होंगी।
काले कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे
दीक्षांत समारोह की तैयारियों की रिहर्सल सोमवार को पूरी कर ली गई। अटल सभागार के गेट से मंच तक कार्यपरिषद के सदस्यों, वालंटियर के साथ कुलपित ने रैली निकालकर कार्यक्रम की रिहर्सल की। कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने के लिए इस बार जिम्मेदारी 33 वालंटियर को दी गई है, जो पिछले दीक्षांत समारोह की तुलना कम है। कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने के लिए जीरो मूवमेंट की नीति लागू की जाएगी। चीफ प्रॉक्टर रवेंद्र सिंह ने छात्रों को कार्यक्रम के दौरान आवाजाही प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए हैं। शोधार्थियों के लिए काले कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे, उन्हें सफेद शर्ट और सिलेटी रंग की पैंट पहननी होगी। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन और हैंडबैग सभागार के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। कुलाधिपति राज्यपाल आनंदी बेन पटेल स्वर्णजयंती द्वार पर स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का अनावरण करेंगी। वह कृषि विभाग की नई इमारत का भी उद्घाटन करेंगी। इसके बाद प्रो. एसबी सिंह सभागार में एचपीवी वैक्सीन कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कुलपति, कुलसचिव और डीएसडब्ल्यू भी मंच पर उपस्थित रहेंगे।