बानखाना में लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
खुराफातियों ने की सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश, पुलिस ने लगवाया पोल
बरेली। शहर के मोहल्ला बानखाना में बुधवार को हाईमास्ट लाइट के लिए पोल लगाने के दौरान विवाद हो गया। कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की तो तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर पोल लगवा दिया।
नगर निगम से सभी पार्षदों को हाईमास्ट लाइटें उनके वार्डों के चौराहे पर लगाने को दी गईं हैं। पार्षद शमीम अहमद खान ने बताया कि बानखाना चौराहे पर बुधवार को हाईमास्ट लाइट लगवाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। एक दुकान के पास आपसी सहमति से लाइट लगाने के लिए पोल लगवाना चाहा तो दुकानदार ने विरोध कर दिया। बहस के दौरान मामला बिगड़ने लगा तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके चलते हाईमास्ट लाइट के पोल की जगह दो-तीन बार बदलनी पड़ी। इसके बावजूद कुछ लोग इसे सांप्रदायिक रंग देने लगे तो पुलिस और नगर निगम के कमांडो बुलाए गए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में हाईमास्ट लाइट लगवाई गई।