बरेली। दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खां उर्फ सलमान मियां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाले ठेकेदार जावेद अली को अब जान से मारने की धमकी मिली है। जावेद अली और उनकी पत्नी शीबा खान ने उच्च अधिकारियों से शिकायत कर जानमाल की सुरक्षा और सलमान मियां व उनके साथियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की मांग की है।
ठेकेदार जावेद का कहना है कि मंगलवार रात नौ बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल और मेसेज के जरिए गालियां दीं। धमकी दी कि बरेली आकर घर में घुसकर वह उनकी हत्या कर देगा। बारादरी थाना क्षेत्र के फाइक इंक्लेव निवासी जावेद अली खान ने मंगलवार को कोतवाली में सलमान मियां, डॉ. मेहंदी हसन, इकरार उर्फ दन्नी, बख्तियार और कामरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जावेद की पत्नी शीबा खान ने सलमान मियां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आईजी डॉ. राकेश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर कहा है कि सलमान मियां के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके बाद भी उनको दो सरकारी गनर मिले हैं। दोनों गनर को हटाया जाए और सलमान मियां व उनके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि उनको तहरीर सोशल मीडिया के जरिये मिली है। आरोप लगाने वालों को थाने बुलाया है। अगर वह आते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शीबा ने आरोप लगाया कि सलमान मियां का नाम संभल हिंसा से भी जुड़ता है। सोशल मीडिया पर संभल हिंसा के आरोपियों और कुछ नेताओं के साथ सलमान मियां की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। उन्होंने सलमान की संपत्तियों की जांच की मांग करते हुए कहा कि उनके पास आय का वैध स्रोत नहीं है, फिर भी उन्होंने कई संपत्तियां अर्जित की हैं। वक्फ की जमीनों को भी कब्जा किया है।
सलमान मियां ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि उन पर लगे सभी आरोप बेबुनियादी हैं। मंगलवार को जो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी वह भी फर्जी है। उनका नाम बेवजह विवादों में जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा। व्हाट्सएप कॉल व मेसेज पर किसने किसको धमकी दी इस बारे में उनको कोई जानकारी नहीं है।