मीरगंज। शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिल्सा में लकड़ी ठेकेदार ने बिना परमिट के फलदार एवं हरे-भरे पेड़ काट डाले। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने लकड़ी से लदी पिकअप को पकड़कर सीज कर दिया। ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की है।
रेंजर संतोष कुमार मठपाल ने बताया कि उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिल्सा में रामपुर के थाना खजुरिया निवासी लकड़ी ठेकेदार मोहम्मद अली ने पांच आम, एक जामुन, एक नीम का पेड़ काटकर पिकअप में भरकर ले जा रहा है, तो वह डिप्टी रेंजर मुकेश कुमार, फोरेस्टर छेदालाल, जितिन कुमार आदि के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपी ठेकेदार लकड़ी काटकर गाड़ी में भरकर ले जा रहा था। लकड़ी से लदी गाड़ी को पकड़कर उसे सीज कर दिया और ठेकेदार एवं बाग मालिक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है।
रेंजर संतोष कुमार मठपाल ने बताया कि कुछ ठेकेदार बिना परमिट के पेड़ चोरी से काटकर ले जाते है उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।