बरेली। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल के आवास में अवैध रूप से काबिज संविदा और ठेका कर्मियों को बाहर निकालने के निर्देश एडी एसआईसी को दिए। परिसर में गंदगी मिलने पर सुधार की हिदायत दी। जर्जर हो रहे भवन की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराने के लिए निर्देशित किया।
बगैर सूचना दिए मंडलायुक्त के जिला अस्तपाल पहुंचने से खलबली मच गई। सबसे पहले एडी एसआईसी कार्यालय पहुंचकर उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर को जांचा। फिर ओपीडी इमरजेंसी, महिला वार्ड, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड कक्ष का निरीक्षण किया। मरीजों से इलाज, दवा उपलब्धता, जांच समेत डॉक्टरों और स्टाफ के व्यवहार के बारे में बात की।
इसी दौरान चौकीदार गिरीश ने लिपिक की मिलीभगत से आवासों में संविदा, ठेका कर्मियों के काबिज होने का मामला उठाया। मंडलायुक्त के निर्देश पर एडी एसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने संबंधित कर्मियों को आवास खाली करने का नोटिस दिया है। ब्यूरो