बरेली। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए बरेली के 29 मूक-बधिर खिलाड़ियों का एक दल बुधवार को वाराणसी के लिए रवाना हुआ। यह दल बरेली स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ द डेफ से जुड़ा है। मूक-बधिर संस्था से जुड़े चंगेज खान ने बताया कि मूक-बधिर खिलाड़ी एथेलेटिक्स, बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं बनारस में एक से दो अक्तूबर तक चलेगी। एथलेटिक्स के पुरुष वर्ग में 18 वर्ष से अधिक आयु के 11 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। महिला वर्ग में दो खिलाड़ी शामिल होंगी। अंडर 18 वर्ग में चार और अंडर 16 वर्ग में पांच खिलाड़ी शामिल होंगे। बैडमिंटन में पुरुष वर्ग में एक और अंडर 18 में दो खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। टेबल टेनिस के चार खिलाड़ी पुरुष वर्ग में प्रतिभाग करेंगे। जंक्शन पर पहुंची मूकबधिर टीम को महताब हुसैन और आसिफ अयूबी ने जीतकर आने के लिए शुभकामनाएं दीं।