फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: दूसरे दिन भी बेहिसाब कटौती और ट्रिपिंग से परेशान रहे उपभोक्ता

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शहर के अलग-अलग इलाकों में बुधवार को भी बेहिसाब बिजली कटौती व ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान रहे। सुभाषनगर, करगैना, जागृतिनगर में मंगलवार को रातभर बिजली गुल रही। बुधवार को दिनभर ट्रिपिंग होती रही। हरूनगला, जगतपुर, सिविल लाइंस, कुतुबखाना, मढ़ीनाथ, कृष्णा कॉलोनी, पवन विहार आदि इलाकों में भी लोकल फॉल्ट, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या रही। सुभाषनगर में बुधवार शाम तक आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। करीब दो लाख लोग परेशान हुए।
विज्ञापन

मंगलवार शाम को आई आंधी की वजह से पूरे शहर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई थी। मंगलवार रात हरुनगला उपकेंद्र के कुछ इलाकों को महानगर उपकेंद्र से जोड़कर वैकल्पिक तौर पर आपूर्ति चालू की गई थी। बुधवार को दिन में यहां लाइन दुरुस्त की गई। इस दौरान उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में चार घंटे तक कटौती की गई।
सुभाषनगर, करगैना, जागृति, चौपुला के आसपास के इलाकों में लोकल फॉल्ट के कारण पूरी रात आपूर्ति ठप रही। बुधवार को दिनभर यहां ट्रिपिंग होती रही। बुधवार शाम तक सुभाषनगर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। मढ़ीनाथ, किला, कुतुबखाना, जगतपुर, परसाखेड़ा, सीबीगंज उपकेंद्रों से भी बुधवार को दिन भर ट्रिपिंग होती रही।
विज्ञापन

सिविल लाइंस क्षेत्र में ट्रिपिंग, कटौती और लो वोल्टेज के कारण लोग परेशान रहे। अधिशासी अभियंता प्रथम खंड अमित आनंद ने बताया कि सुभाषनगर में लोकल फॉल्ट के कारण समस्या रही। आंधी में लाइनें क्षतिग्रस्त होने से मंगलवार रात भी कुछ इलाकों में आपूर्ति प्रभावित रही। अधिशासी अभियंता चतुर्थ खंड गौरव शुक्ला ने बताया कि लाइनों की मरम्मत के कारण बुधवार को कुछ इलाकों में आपूर्ति प्रभावित हुई।
बुधवार को संविदा कर्मियों की हड़ताल के कारण भी कई इलाकों में मरम्मत के काम प्रभावित हुए। शाम को मुख्य अभियंता से वार्ता के बाद वे काम पर लौटे तो लाइनों की मरम्मत और लोकल फॉल्ट ठीक करने का काम शुरू हो सका।
आंधी के कारण क्षतिग्रस्त लाइनों को अभी पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया जा सका है। हरुनगला उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में बुधवार को भी महानगर उपकेंद्र से आपूर्ति दी गई। अधिकारियों का कहना है कि कई स्थानों पर लोकल फॉल्ट हुए हैं। बिजली के पोल भी गिरे हैं। शहर से लेकर देहात तक समस्या बनी हुई है। बिजली आपूर्ति सामान्य होने में अभी दो से तीन दिन लगेंगे।
करगैना पुलिस चौकी से आगे इफको कॉलोनी के सामने रोड पर रखे दो मोबाइल ट्रांसफार्मर हादसों को दावत दे रहे हैं। इन ट्रांसफार्मरों से आवागमन प्रभावित हो रहा है। बारिश के सीजन में ये मोबाइल ट्रांसफार्मर बड़ा खतरा बन सकते हैं। एक महीने पहले इफको कॉलोनी के पास रखा ट्रांसफार्मर फुंक गया था। उस समय विद्युत निगम ने यहां मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति चालू कर दी थी। इसके बाद अब तक इन ट्रांसफार्मरों को हटाकर स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। इस कारण इफको कॉलोनी, ग्रीन वैली, विवेक विहार, मारुति विहार, तिरुपति धाम, इटौआ, आनंद विहार, रघु वाटिका, भू-वाटिका, प्रेम विहार के वाशिंदों को काफी समस्या हो रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें