बरेली। लॉकडाउन में सभी सरकारी व गैर सरकारी निर्माण कार्य बंद हैं। पिछले दिनों सरकार ने सरकारी प्रोजेक्ट पूरे करने के लिए निर्माण कार्य की अनुमति दे दी। इसके तहत एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने बरेली समेत विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन एयरपोर्ट, सिविल एंक्लेव के अधूरे निर्माण कार्य शुरू करा दिए हैं। हालांकि सेतु निगम, रेलवे, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, नगर निगम आदि सरकारी एजेंसियों ने अभी तक इस काम में कोई रुचि नहीं ली है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने निर्माणाधीन सिविल एंक्लेव के भवन आदि कार्यों को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने 30 श्रमिकों से काम कराने की अनुमति दो दिन पहले ही दे दी थी। इसके बाद सिविल एंक्लेव के अफसरों ने कार्यदायी संस्था से काम कराना शुरू कर दिया है, ताकि तय समय पर निर्माण कार्य पूरा हो सके। हालांकि इन निर्माण कार्य के चलते विमान परिचालन में कोई व्यवधान नहीं होगा। हवाई पट्टी पहले से ही बनाई जा चुकी है। सिविल एंक्लेव से संचालित हवाई उड़ानों के लिए एयरफोर्स की हवाई पट्टी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सिविल एंक्लेव परिसर में भवन और हवाई पट्टी संबंधी अन्य निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एयरफोर्स की पट्टी पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा। बता दें कि किसी अन्य सरकारी एजेंसी ने अभी तक अपने प्रोजेक्ट पूरे करने के लिए प्रयास नहीं किए हैं। इस समय लॉकडाउन लागू होने से शहर की सड़कें खाली पड़ी हैं। निर्माणाधीन सीवर और पानी की लाइनें बिछाना इस समय उपयुक्त होगा और अधूरे पड़े पुल भी बिना किसी अवरोध के बनाए जा सकते हैं। क्योंकि इस समय यातायात शून्य जैसी स्थिति में हैं। इसलिए यह प्रोजेक्ट चालू किया जाना उचित रहेगा।
जिला प्रशासन ने 30 श्रमिकों से काम कराने की अनुमति दे दी है। पिछले एक महीने से काम बंद पड़ा था। अब अनुमति मिलने के बाद निर्माण एजेंसी से काम कराना शुरू कर दिया है। साथ ही यह प्रयास होगा कि तय समय पर प्रोजेक्ट पूरा हो जाए।
- राजीव कुलश्रेष्ठ, संयुक्त महाप्रबंधक