राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के खेल मैदान में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) इसकी देखरेख कर रहा है। यदि बजट की अगली किस्त समय पर मिलती है, तो यह स्टेडियम अगले चार से छह माह में खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा।
अवर अभियंता अंकित शर्मा ने बताया कि पहली किस्त के 50 फीसदी बजट से मुख्य ढांचे का काम पूरा हो चुका है, जिसमें दीवारें और लिंटर शामिल हैं। दूसरी किस्त मिलने पर छत पर टीन शेड लगाने और फिनिशिंग का काम शुरू होगा। यह स्टेडियम बैटमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो और टेबल टेनिस जैसे खेलों के लिए सुविधाएं प्रदान करेगा। इसमें महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग चेंजिंग रूम तथा प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड रूम भी होगा। निर्माण के दौरान मैदान में स्थित एक पुरानी इमारत के कारण कार्य की गति कुछ समय के लिए धीमी पड़ गई थी। अधिकारियों ने बताया कि जब शासन से अनुमति लेने के बाद इसे जब तोड़ा गया तब पता चला कि इमारत 1991 से भी पुरानी थी।