बरेली। बीसलपुर चौराहे पर चल रहे पुलिया के निर्माण के कारण बृहस्पतिवार को लंबा जाम लग गया। पीडब्ल्यूडी की कार्यदायी संस्था ने दूसरी ओर भी खोदाई का कार्य शुरू करा दिया है, इस कारण राहगीरों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक महीने पहले लोक निर्माण विभाग ने 82 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण शुरू किया था। सड़क के आधे हिस्से की पुरानी पुलिया को तोड़ा गया। काम होने के बाद स्लैब डाली गई। लेकिन, संचालन न शुरू कर दूसरी ओर भी खोदाई कर दी गई। इससे वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम लग रहा है, क्योंकि डायवर्जन वाली सड़क संकरी है।
इस मामले में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राकेश कुमार का कहना है कि आठ दिन में स्लैब पक्की हो जाएगी और सड़क पर ट्रैफिक शुरू कर देंगे। तब तक डायवर्जन वाला मार्ग ही विकल्प है।
नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग से पुलिया का निर्माण कराया है, लेकिन भुगतान नहीं दिया। इसके चलते ठेकेदार ने काम की रफ्तार घटा दी। इससे देरी होने के आसार हैं। यह स्थिति तब है जब नगर निगम ने यह काम प्राथमिकता के आधार पर करने की अपेक्षा पीडब्ल्यूडी से की है।