बरेली। सथरापुर गांव स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के आसपास नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। प्लांट के चारों ओर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से घोषित 20 मीटर के बफर जोन में हो रहे निर्माण कार्यों को चिह्नित किया जा रहा है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई और ध्वस्तीकरण के लिए जल्द यह सूची बीडीए को सौंपी जाएगी।
बीडीए ने इस क्षेत्र में किसी भी तरह के निर्माण पर पूरी तरह रोक लगा रखी है। मौके पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया हुआ है। बावजूद यहां लगातार निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार राठी ने इस मामले में स्पष्ट किया कि बफर जोन के भीतर किसी भी प्रकार का निर्माण करना पूरी तरह नियमों के खिलाफ है।
प्लांट के आसपास अवैध रूप से बनीं इमारतों और ढांचों की पहचान की जा रही है। नियमानुसार इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।