अतिक्रमण हटाती नगर निगम की टीम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
शुक्रवार को निगम के निर्माण विभाग और प्रवर्तन विभाग ने की संयुक्त कार्रवाई
बरेली। हरूनगला के राधाकुंज क्षेत्र में तालाब के पास स्थित निगम की जमीन पर कुछ लोगों ने दीवार उठाकर मकान बनाने की कोशिश की। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने अपर नगर आयुक्त श्यामलता आनंद से की। उनके निर्देश पर निगम के निर्माण विभाग व प्रवर्तन दल की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणकारियों द्वारा बनाई गई दीवार को ढहा दिया। जेई कौशलेंद्र रस्तोगी ने बताया कि टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां कोई मौजूद नहीं था। मौके पर निगम की जमीन पर अवैध निर्माण पाया गया। तीन फीट की दीवार खड़ी की जा चुकी थी। कार्रवाई करते हुए इस निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। बताया कि निगम जल्द ही इस जमीन की घेराबंदी कर यहां अपना बोर्ड लगा देगा ताकि दोबारा इस पर कोई अतिक्रमण न कर सके।
निगम अधिकारियों ने कराया सैनिटाइजेशन
नगर निगम अधिकारियों ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन कराया। इस दौरान फागिंग भी कराई गई। निगम टीम ने शुक्रवार को सुभाषनगर, शांति बिहार, एजाजनगर, जोगी नवादा, बनखंडी नाथ, सुरेश शर्मा नगर, ब्रह्मपुरा, संजय नगर आदि इलाकों दवाओं का छिड़काव कराया। वहीं, मढ़िनाथ, बेनीपुर चौधरी, हरुनगला, सुरेश शर्मा नगर, फरीदापुर चौधरी, साहूकारा, मलूकपुर आदि वार्डों में फॉगिंग कराई गई।