बरेली। परसाखेड़ा के निकट रहपुरा जागीर में चकबंदी की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। इस गांव के चकबंदी मामले 15 जून से पहले निस्तारित करने की तैयारी है। इसके बाद बीडीए की इंडस्ट्रियल टाउनशिप को भी धरातल पर उतारा जा सकेगा।
रहपुरा जागीर की 113 हेक्टेयर जमीन पर बीडीए ने इंडस्ट्रियल टाउनशिप प्रस्तावित की है, मगर गांव चकबंदी में होने की वजह से जमीन का अधिग्रहण अटक गया था। बीडीए वीसी ने इसे लेकर राजस्व आयुक्त तक पत्राचार किया तो चकबंदी की प्रक्रिया में तेजी आई। चकबंदी अधिकारी के स्तर पर विचाराधीन 90 मामलों का निस्तारण आठ मई तक कर दिया गया है।
अगर कोई व्यक्ति चकबंदी अधिकारी के निर्णय से संतुष्ट नहीं है तो वह एसओसी के न्यायालय में 15 दिन में अपील कर सकेगा। अपील पर सुनवाई कर 15 जून तक सभी प्रकरण निस्तारित कराने की तैयारी की गई है। इसके बाद चकबंदी पूरी होने की घोषणा होगी और बीडीए जमीन का अधिग्रहण कर सकेगा।
चकबंदी पूरी होते ही उन किसानों से सहमति ली जाएगी जिनकी जमीन इंडस्ट्रियल टाउनशिप के लिए ली जानी है। सहमति मिलते ही डीएम सर्किल रेट के आधार पर अधिग्रहण की दर तय करेंगे। इसके बाद बीडीए बैनामे कराएगा।
बीडीए के उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि जुलाई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों रामायण वाटिका में भगवान राम के वनवासी स्वरूप की 51 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण कराने की तैयारी की गई है। इसी दौरे के समय इंडस्ट्रियल टाउनशिप की सौगात भी देने का प्रयास है। ब्यूरो