बरेली। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) की ओर से स्वरोजगार के लिए घर के पीछे मुर्गी पालन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। सेंथल पट्टी में आयोजित कार्यक्रम में परियोजना प्रभारी डॉ. जगबीर सिंह त्यागी ने योजना के बारे में जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विधायक केसर सिंह ने स्वरोजगार के लिए मुर्गी पालन अपनाने की अपील की। सीएआरआई के निदेशक डॉ. अशोक तिवारी ने संस्थान की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी और संस्थान द्वारा विकसित देसी पक्षी व अन्य प्रजातियों की विशेषता बताई। इसके अलावा अनुसूचित जाति के सभी लाभार्थियों को कुक्कुट पालन से आय बढ़ाने में संस्थान द्वारा हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। ब्लॉक प्रमुख दिवाकर, मंडल अध्यक्ष सरजू गंगवार ने भी विषय संबंधी जानकारियां दीं। यहां अनुसूचित जाति के 51 लाभार्थियों को सीएआरआई की निर्भीक प्रजाति (देसी मुर्गी, 6 से 8 सप्ताह) की 15 मुर्गियां और 20 किलो मुर्गी दाना प्रति लाभार्थी दिया गया। कार्यक्रम में डॉ. जे एस त्यागी, डॉ. दिव्या, डॉ. जयदीप रोकाडे़ मौजूद रहे। ब्यूरो