कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते कांग्रेसी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
कलक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया
बरेली। पेट्रोल-डीजल में मूल्य वृद्धि के विरोध में देशव्यापी आंदोलन के तहत कांग्रेसी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देश पर सड़कों पर प्रदर्शन करते कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिला प्रशासन के जरिए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा गया।
इससे पहले सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि करोना महामारी काल में मोदी सरकार जिस तरह से लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर रही है उससे किसान से लेकर व्यापारी तक परेशान है। भाजपा सरकार सिर्फ अपने उद्योगपति मित्रों के हितों का ध्यान रख रही है, उसको आम जनता से कोई मतलब नहीं है।
पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि कभी ‘बहुत हुआ महिलाओं पर अत्याचार अबकी बार भाजपा सरकार’ का नारा देने वाली भाजपा सरकार आज पूरी तरह से चुप है, जबकि महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। छोटी-छोटी मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या कर दी जाती है, लेकिन भाजपा के नेता आज खामोश हैं।
बरेली मुरादाबाद शिक्षा खंड से कांग्रेस के एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मेहंदी हसन ने कहा कि आज केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही है। कैंट विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी इंजीनियर अनीस अहमद खान ने कहा की डीजल व पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ाकर भाजपा सिर्फ उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है, जिसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद सभी लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान अनुज गंगवार, राज शर्मा, दिनेश दद्दा, प्रोफेसर अलाउद्दीन खां, सुचित्रा सिंह आदि शामिल रहीं।