नेहरू की प्रतिमा के पास खड़े कांग्रेस नेता
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के चौकी चौराहा पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा हटाए जाने का विरोध बढ़ता जा रहा है। जिला कांग्रेस ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. केबी त्रिपाठी के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह तमाम कार्यकर्ता नेहरू की प्रतिमा उठाने मिशन कंपाउंड पहुंचे। यहां कूड़े के ढेर में प्रतिमा रखी देखकर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। कांग्रेस नेता रो पड़े। उन्होंने कहा कि नेहरू जी का अपमान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आठ माह पहले हटाई गई थी प्रतिमा
शहर में स्मार्ट सिटी के तहत कराए जा रहे सुंदरीकरण के दौरान चौकी चौराहे से पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को हटवा दिया गया था। आठ माह बीतने के बाद भी जब प्रतिमा पुनर्स्थापित नहीं कराई गई तो कांग्रेसियों ने पांच नवंबर से चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी पार्क में आमरण अनशन शुरू कर दिया। सुनवाई न होने पर शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं ने खुद ही प्रतिमा को स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी।