बरेली। अप्रैल माह में इस बार त्योहार व अन्य अवकाश के चलते 10 दिन बैंक रहेंगे। ग्राहक अपने आवश्यक कार्य समय से ही निपटा ले, नहीं तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बैंक बंद होने के चलते चेक, ड्राफ्ट, रकम की लेन-देन संबंधी कार्य अटक सकते है। हालांकि, बैंक बंद होने से ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम की सेवाएं जारी रहेंगी।
बैंकिंग संगठनों के मुताबिक एक अप्रैल को वाणिज्यिक बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी रहेंगी। छह अप्रैल को राम नवमी का अवकाश रहेगा। 10 को महावीर जयंती, 12 को माह का दूसरा शनिवार, 13 को रविवार, 14 को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, 18 को गुड फ्राइडे, 20 को रविवार, 26 को चौथा शनिवार व 27 को रविवार का अवकाश रहेगा। इस तरह अप्रैल माह में 10 दिन बैंक बंद रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक्स यूनियन के अध्यक्ष पीके महेश्वरी ने बताया कि बैंक में अवकाश से पहले की ग्राहक अपने काम निपटा लें, जिससे बाद में उन्हें परेशानी न हो। संवाद
-
वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन हुए केवल सरकारी काम
वित्तीय वर्ष 2024-25 के समापन व ईद के अवकाश के बावजूद बैंक के अंचल कार्यालय व प्रमुख शाखाएं खुलीं रहीं। पूरे दिन वित्तीय समायोजन संबंधी कार्य किए गए। सोमवार को सुबह ही बैंक में कर्मचारी पहुंच गए थे। स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के उप महामंत्री नवींद्र कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष के समापन पर सरकारी क्लीयरिंग, सरकारी चालान, सरकारी चेक भुगतान संबंधी कार्य किए गए।