नवाबगंज। जल जीवन मिशन के तहत गांव में निर्माणाधीन पानी टंकी मानक के अनुसार निर्मित न होने से नाराज ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के साथ डीएम को शिकायती पत्र भेजा है। तहसील नवाबगंज के मसीतवली नगर गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बन रही पानी की टंकी का निर्माण मानक के अनुसार नहीं किया जा रहा है। एक सप्ताह पहले पानी की टंकी की सीढि़यां शटरिंग खेलते समय भरभरा कर नीचे गिर गई थी, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से कर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई भी जांच पडताल सही ढंग से नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, जबकि ठेकेदार अपनी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहा है। इससे परेशान ग्राम प्रधान जमुनादेवी समेत ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। संवाद