शीशगढ़। कस्बावासी वसीम अहमद ने बच्चों का स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) न देने के आरोप में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शेरगढ़ से स्कूल संचालक के खिलाफ शिकायत की है। आरोप है कि फीस जमा करने के बावजूद टीसी नहीं दिया जा रहा है। वसीम के मुताबिक, उनके बच्चे अलशिफा और असद 2018-19 से एक स्कूल में पढ़ते थे। स्कूल की पूरी फीस जमा करके 2024 में बच्चों को दूसरे स्कूल में भेजने शुरू कर दिया। आरोप है कि रंजिश मानते हुए स्कूल संचालक ने टीसी नहीं दिया। संचालक एक वर्ष की अतिरिक्त फीस वसूलना चाहता है। स्कूल के पोर्टल से बच्चों के नाम भी नहीं हटाए हैं, जबकि बच्चे दूसरे स्कूल में पढ़ रहे हैं। वसीम ने टीसी दिलवाने की मांग की है। इस बाबत बीईओ मुकेश भारती ने बताया कि स्कूल संचालक को बुलाया था, लेकिन नहीं आए। संचालक ने कॉल पर बताया कि वसीम ने फीस जमा नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है।