नवाबगंज में 47 शिकायतों में से चार का निस्तारण, वोट काटने का भी उठा मुद्दा
नवाबगंज। क्षेत्र में निशुल्क बोरिंग योजना के तहत किसानों के यहां बोरिंग में घटिया सामग्री लगाई जा रही है। तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में यह मुद्दा छाया रहा। इस मामले में एसडीएम उदित पवार ने संज्ञान लेकर भदपुरा ब्लॉक के बीडीओ को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
भदपुरा ब्लॉक के ग्राम सरौरा गांव के कुंभकरण ने कहा कि घटिया बोरिंग सामग्री लगाने से इसका समुचित लाभ किसानों को नहीं मिल रहा है। लावाखेड़ा बद्रीप्रसाद गांव के लालता प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके गांव में कई युवतियों की शादी हो चुकी है, लेकिन उनका मतदाता सूची से नाम नहीं कटा है। ऐसे में सभी का नाम काटा जाए। मोहल्ला नई बस्ती पश्चिमी निवासी पूर्व सभासद अब्दुल हफीज ने शिकायत की कि तहसील परिसर के पास नगर पालिका की सुलभ शौचालय की जगह पर बनी दुकान को कस्बे के ही एक व्यक्ति से तीन हजार रुपये प्रतिमाह और 80 हजार रुपये पगड़ी पर ली थी। अब रुपये लेने के बाद भी उक्त व्यक्ति ने उसे दुकान न देकर किसी और को कर दी है। इन सभी मामलों में एसडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।
इस तरह समाधान दिवस में 47 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों के पास निस्तारण के लिए भेज दी गई है। संवाद
रेलवे क्रॉसिंग से नहीं हटाया अवैध स्टैंड, शिकायत
बहेड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में 57 शिकायतें आईं, जिसमें से आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। सबसे ज्यादा शिकायतें पुलिस विभाग और राजस्व विभाग से संबंधित रही। एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एसडीएम इशिता किशोर की अध्यक्षता में शिकायतों की सुनवाई हुई।
कस्बे के मोहल्ला केशव पुरम, आदर्श कॉलोनी के निवासियों ने शिकायत करते हुए बताया कि केसर रेलवे क्रॉसिंग पर ई-रिक्शा वालों का जमघट रहता है, लेकिन अभी तक अवैध स्टैंड नहीं हटाया गया। राकेश गंगवार के नेतृत्व में किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान दिलाए जाने की मांग की। इस तरह सभासद जलीस आजाद ने नैनीताल रोड पर केसर चीनी मिल द्वारा बनाया गया 280 दुकानों का शॉपिंग कॉम्पलेक्स में कार्रवाई न होने, चंद्रप्रकाश खंडूजा ने नैनीताल रोड पर उनके पैतृक जमीन में मार्केट बनाने की शिकायत की। एडीएम प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इस तरह के निर्माण पर रोक लगाते हुए कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
राजस्व और पुलिस की आईं ज्यादा शिकायतें
डीएम के आने का कार्यक्रम टला, कई फरियादी लौटे, 70 शिकायतों में से पांच का निकला हल
आंवला। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के आगमन का कार्यक्रम टलने के बाद कई फरियादी लौट गए। हालांकि एसडीएम विदुषी सिंह ने 70 शिकायतों में से पांच का मौके पर निस्तारण कराया। इसमें राजस्व और पुलिस विभाग की 50 शिकायतें आईं।
शुक्रवार देर रात मोहल्ला कच्चा कटरा मेला ग्राउंड में दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना में श्रीरामलीला मेला दशहरा कमेटी के दंगल प्रमुख भैरम सिंह यादव के घायल हो जाने को लेकर कमेटी के समस्त पदाधिकारी पहले थाने पहुंचे। बाद में एसडीएम से मिलकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अध्यक्ष वीर सिंह पाल, राजीव कुशवाह, राजू गुप्ता, संजय अग्रवाल बौबी, रामवीर प्रजापति, सूरजभान गुप्ता, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। संवाद
29 शिकायतों में से एक का निस्तारण
मीरगंज/ फरीदपुर। शनिवार को तहसील सभागार में एसडीएम आलोक कुमार एवं तहसीलदार आशीष कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न हुआ, जिसमें कुल 29 शिकायतें पंजीकृत हुईं। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में राजस्व की सात, विकास की आठ, पुलिस की पांच, आपूर्ति विभाग की पांच, विद्युत की दो, नगर विकास की एक, स्टांप रजिस्ट्रेशन की एक शिकायत पंजीकृत हुई। फरीदपुर के तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 27 शिकायतें दर्ज हुईं। मौके पर तीन शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया।