बरेली। राजकीय विद्यालयों में तैनात आउटसोर्स कर्मियों को पिछले दो महीनों (अप्रैल और मई) से मानदेय न मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में अब मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है, ताकि शासन स्तर से जल्द से जल्द बकाया भुगतान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष हरीशंकर ने बताया कि शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि कर्मी नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समय पर पारिश्रमिक न मिलने से उनके और उनके परिवारों के सामने रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करना कठिन हो गया है। समय पर मानदेय न देना कर्मचारियों के हितों का सीधा हनन है। प्रशासन से मांग की गई है कि वह संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराए, जिससे कर्मचारियों को राहत मिल सके।