Commotion of common people in cleanliness survey
बरेली। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के तहत ओडीएफ व अन्य मामलों का सर्वे करने बरेली पहुंची तीन सदस्यीय टीम के सामने वार्ड 64 के मोहल्ला सिकलापुर के लोगों ने हंगामा कर दिया। लोगों का कहना था कि नगर निगम शहर की सफाई पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कूड़े का निस्तारण भी नहीं किया जा रहा। वहीं, निगम के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले दिनों कूड़ा डालने को लेकर करीब 30 चालान काटे गए हैं। क्षेत्र के लोगों से लगातार कूड़ा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन एजेंसी को देने को कहा जा रहा है, लेकिन क्षेत्रीय लोग अपना कूड़ा नाले पर फेंक रहे हैं।
वार्ड संख्या 64 मोहल्ला सिकलापुर क्षेत्र में बुधवार को स्वच्छ भारत सर्वेक्षण की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान बाबा मंगल दास मंदिर के पीछे से गुजर रहे पुराने नाले पर गंदगी देखकर टीम काफी नाराज हुई। इस दौरान अन्य समस्याएं बताते हुए क्षेत्रवासियों ने हंगामा कर दिया। बताया कि फर्नीचर मंडी में बाबा मंगल दास मंदिर के पीछे नाला गुजर रहा है, जो कूड़े से हमेशा भरा रहता है, जिसके चलते आसपास क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी रहती है। यह स्थिति तब है जब यह क्षेत्र निगम और पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल के मकान से चंद कदमों की दूरी पर है। बताया कि क्षेत्र की स्थिति के बारे में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को भी उनके व्हाट्स एप नंबर पर बताया जा चुका है।
उधर, लोगों के हंगामा करने की सूचना जैसे ही निगम के कर्मियों को पहुंची तो वह तुरंत ही मौके पर रवाना हुए, हालांकि तब तक टीम वहां से जा चुकी थी। यहां बता दें कि बीते दो दिन से यह टीम शहर में ओडीएफ प्लस और गारबेज-वेस्ट मैनमेेंट की स्थिति का सर्वे कर रही है। निगम अधिकारी भी इनकी लोकेशन नहीं जान पा रहे हैं।
बाबा मंगल दास मंदिर के पीछे से गुजर रहे पुराने नाले पर कूड़ा डालने को लेकर पिछले तीन महीने के अंदर क्षेत्र के 30 से अधिक लोगों का चालान किया जा चुका है। इन लोगों से निगम द्वारा नामित एजेंसियों को कूड़ा देने को कहा गया है, पर क्षेत्रवासी कूड़ा एजेंसी को देने के बजाए नाले पर फेंक देते हैं। नाले के ढंके होने से यह कूड़ा नाले में नहीं जा पाता अन्यथा नाला पूरी तरह चोक हो जाता। निगम इस मामले को दिखवा रहा है। साथ ही नाले पर कूड़ा डालने वालों पर अब भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
- संजीव प्रधान, पर्यावरण अधिकारी, नगर निगम