बरेली। आरोपों में घिरे अपर नगर आयुक्त की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचने के बाद प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने कमिश्नर को पत्र भेजकर प्रकरण की जांच कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। कमिश्नर ने नगर आयुक्त से आरोपों के संबंध में सघन जांच कराकर आख्या देने को कहा है। प्रकरण में अपर नगर आयुक्त को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
बताया जाता है कि शाहजहांपुर रोड स्थित मोहनपुर गांव में नगर निगम के मॉडर्न स्लॉटर हाउस का संचालन पीपीपी मोड पर मारिया फ्रोजन फर्म द्वारा किया जा रहा था। पिछले दिनों एक अज्ञात शिकायत पर हुई जांच में स्लॉटर हाउस में शर्त के उल्लंघन और करीब दो से तीन गुना ज्यादा पशु कटान होने की रिपोर्ट पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष के निर्देश पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
इसी प्रकरण पर फर्म संचालक हाजी शकील कुरैशी ने मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर अपर नगर आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप था कि नगर निगम के अफसर और अपर नगर आयुक्त ने दूसरी मीट फैक्टरियों से मिलीभगत है। उन्होंने फर्म के अनुबंध को समाप्त कराने की कोशिश की। इसमें रुपये की मांग पूरी न होने पर फर्जी रिपोर्ट शासन को भेजी। शिक ायत का संज्ञान लेकर अब शासन स्तर ने कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है।