प्रधानमंत्री पर अशोभनीय टिप्पणी का मामला
भाजपा नेताओं की नाराजगी के बाद कार्यालय में लगेंगे मोदी-योगी के फोटो
बरेली। वाणिज्य कर विभाग के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री और अन्य राजनेताओं पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाले निलंबित कर्मचारी को मुरादाबाद जोन से संबद्ध कर दिया गया है। इसके साथ ही अफसरों ने भाजपा नेताओं की नाराजगी के बाद एडिशनल कमिश्नर कार्यालय में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की फोटो लगवाने की कवायद शुरू कर दी है।
जोनल एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 कार्यालय प्रांगण में 26 फरवरी को आयोजित स्थापना दिवस के मौके पर एजेंडे से हटकर कविता, गीत, व्यंग्य और आशिकी से सराबोर प्रस्तुतियां की गईं। इस क्रम में राजनेताओं और प्रधानमंत्री पर अमर्यादित कटाक्ष किए गए। इसे लेकर वहां मौजूद कई व्यापारी और कर्मचारी भड़क गए। इससे कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। व्यंग्यकार कर्मचारी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग होने लगी। दूसरे दिन मुख्यालय ने आरोपी कर्मचारी प्रेमसिंह का निलंबित कर दिया। शुक्रवार को उसे मुरादाबाद जोन से संबद्ध कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद गुरुवार दोपहर भाजपा शहर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा अपनी टीम के साथ जोनल एडिशनल कमिश्नर एमएन वर्मा से मिले और प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करने पर तीखी नाराजगी जताई। कार्यालय में किसी भी महापुरुष का चित्र नहीं लगा देख शहर अध्यक्ष भड़क गए है। उन्होंने राष्ट्रपिता समेत महापुरुषों के फोटो लगना जरूरी बताया। कहा, शासनादेश के मुताबिक, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का फोटो लगना भी अनिवार्य है। अफसरों ने शुक्रवार को फोटो लगवाने चाहे, लेकिन एक साइज के फोटो न मिल पाने से नहीं लग पाए।