बरेली के रामपुर बाग वार्ड 35 की राधेश्याम एन्क्लेव कॉलोनी में लोग जलभराव, कुत्तों के आतंक और खराब सड़कों से परेशान हैं। नगर निगम द्वारा दो माह पहले बनी सड़क टूट गई है, जिसकी गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। रविवार को अमर उजाला के वार्ड संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने ये समस्याएं साझा कीं।
बरेली के रामपुर बाग वार्ड 35 की राधेश्याम एन्क्लेव कॉलोनी में लोग जलभराव व कुत्तों की समस्या से परेशान हैं। यहां पर नगर निगम से बनी सड़क दो माह में ही टूटकर जर्जर हो गई। लोगों ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। साथ ही प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था न होने व नाला बनाने की मांग की, जिससे लोगों को राहत मिल सके। ये समस्याएं रविवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित वार्ड संवाद कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने साझा कीं।
विज्ञापन
राधेश्याम एन्क्लेव कॉलोनी सोसाइटी के अध्यक्ष धीशू खान ने बताया कि पार्क में झाड़-झंखाड़ की सफाई समय पर नहीं होती है, जिससे बच्चों को खेलने की समस्या बनी हुई है। नगर निगम की तरफ से जनता से सूखा व गीला कूड़ा अलग रखने को कहा जाता है और खुद उठाकर एक साथ डाल देते हैं। सचिव पीके खरे ने बताया कि श्यामगंज, रानी अवंती बाई कॉलेज का गंदा पानी कॉलोनी में आता है, जिससे जलभराव की समस्या हो रही है।
विज्ञापन
अखिल रस्तोगी ने बताया कि कुत्तों का आतंक इस कदर है कि कॉलोनी से निकलना मुश्किल हो गया है। खंभे काफी दूरी पर होने के कारण अंधेरा हो गया है। अरविंद अग्रवाल ने बताया कि मानसिक अस्तपाल से वन विभाग के पास नाला है जिससे सीवर लाइन जुड़ा नहीं है। इससे पानी मानसिक अस्पताल के पीछे से आरटीओ का कार्यालय के पीछे से होते हुए कॉलोनी में भर जाता है। वरुण खंडेलवाल ने बताया कि विकास भवन के पास रोड के दोनों तरफ टाइल्स नहीं है। इससे रोड टूट रही है। इसके लिए कोई कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
Trending Videos
घरों में पहुंच जाता है एक-एक फीट तक पानी
रविंद्र अग्रवाल ने बताया कि तेज बारिश के दौरान कॉलोनी में आरटीओ व वन विभाग की ओर से पानी आता है। आलम यह होता है कि सभी घरों में एक-एक फीट तक पानी भर जाता है। सीवर लाइन खराब होने के कारण पानी ओवर फ्लो हो जा रहा है।
कर्नल बद्रीदंत पंत ने बताया कि तहसील के नक्शों को निकलवाकर देखा जाए तो उसमें नाला है। वर्तमान में कॉलोनी में कोई नाला न होने से बारिश के दिनों में जलनिकासी की समस्या होती है। यहां 15 साल पहले तक नाला था, अब वह पूरी तरह से गायब हो गया।
दो माह बाद ही उखड़ने लगी सड़क
चार्टड अकाउंटेंट राजीव अग्रवाल ने बताया कि दो माह पहले नगर निगम की तरफ से सड़क बनाई गई थी। यह अब उखड़ने लगी है, जिससे गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जबकि बोर्ड पर नाली व सड़क दोनों ही लिखा है। अब पूछने पर जिम्मेदार बता रहे हैं कि सड़क पर नाले का प्रावधान नहीं है।
सैविक अग्रवाल ने बताया कि सीवर लाइन इतनी पतली पड़ी है कि उसमें गोबर भर जाने से चोक हो गया है। आालम यह है कि बारिश के दिनों में सीवर से ही पानी घरों में उल्टा पहुंच रहा है। जिससे स्थिति और नारकीय हो जा रही है।
रामपुर बाग के पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि बरसात में नाले की समस्या हुई है। इसको बोर्ड की बैठक में शामिल कराकर काम कराया जाएगा। खंभों के लिए स्टीमेट बनाकर उसको भी लगवाने का प्रयास किया जाएगा। जो सड़क उखड़ रही है, उसकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।