बैचलर ऑफ एलिमेंटरी एजुकेशन (बीएलएड) की फीस कुछ कॉलेजों ने दो गुनी तक वसूल ली। विद्यार्थियों की शिकायत पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने ऐसे कॉलेजों पर शिकंजा कसते हुए जांच बैठा दी है। कॉलेजों ने निर्धारित फीस से ज्यादा वसूली होगी तो इसे वापस कराया जाएगा। समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीएलएड की फीस 25 हजार रुपये निर्धारित कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। यह शर्त भी जोड़ी गई थी कि शासन फीस बढ़ाता है तो विद्यार्थियों को बढ़ी हुई फीस जमा करनी होगी। फीस कम होती है तो कॉलेजों को अतिरिक्त फीस विद्यार्थियों को वापस करनी होगी। दस से ज्यादा कॉलेजों की शिकायत विवि के पास पहुंची हैै। यहां विद्यार्थियों से 50 से 60 हजार रुपये फीस वसूली गई। विवि प्रशासन ने जांच समिति बना दी है। अब मामले की जांच की जाएगी। छात्रों से फीडबैक लेना शुरू कर दिया गया है। कुलसचिव एके अरविंद के अनुसार, जांच समिति की रिपोेर्ट के आधार पर एक्शन लिया जाएगा।