बरेली। पिछले दिनों कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे लोगोें की धूप की आस तो पूरी हुई मगर सर्द हवा चलने से ठिठुरन बरकरार है। मौसम विभाग ने करीब पांच दिनों तक सुबह और शाम हल्का, घना कोहरा और दिन में धूप खिलने की उम्मीद जताई है। बुधवार को दिन भर धूप खिली रही मगर हवा में घुली नमी से तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि हवा की दिशा बदलने और गति अधिक होने से बादलों का जमावड़ा नहीं हो रहा मगर बीते दिनों कड़ाके की ठंड के चलते हवा में नमी का स्तर सौ फीसदी तक दर्ज हो रहा है। तेज हवा की वजह से ठंड का एहसास हो रहा है। पूर्वानुमान जताया है कि अगले करीब पांच दिनों तक सुबह और शाम हल्का घना कोहरा होगा। दोपहर में धूप खिलेगी। तेज हवा चलने से हल्के बादल भी मंडरा सकते हैं। जो अनुकूल माहौल बनने पर बारिश भी कर सकते हैं। बुधवार को तापमान अधिकतम 17.9 डिग्री और न्यूनतम 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।