ताउते ने बदला मौसम, 13 डिग्री सेल्सियस तक गिरा अधिकतम तापमान
विज्ञापन
न्यूनतम तापमान में भी तीन डिग्री की गिरावट, ओले पड़ने की भी आशंका
बरेली। अरब सागर में उठे चक्रवाती ताउते का असर बुधवार को भी मौसम पर छाया रहा। हवा के कम दबाव और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हल्की तेज हवा के साथ दिन भर शहर में बारिश होती रही। मौसम विभाग ने दो दिन और बारिश होने के साथ ओले भी गिरने की आशंका जताई है।
मंगलवार से ही जिले में घने बादल मंडराने का सिलसिला शुरू हो गया था। पांच से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार की हवाओं ने लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत दी और पारा भी दस डिग्री सेल्सियस तक जा गिरा। मंगलवार की सुबह से बुधवार शाम छह बजे तक करीब 8.3 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई जिससे लोगों को हल्की ठंड का भी एहसास हुआ। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 13 डिग्री कम 26.0 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से तीन डिग्री कम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर 88 फीसदी रहा।
15 से 20 किमी वेग से चलेगी हवा
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक ताउते के असर से हवा का बेहद कम होने से तेज हवाएं चलने की आशंका है। जो सामान्य से 15 किमी. प्रतिघंटे से ज्यादा तेज चल सकती हैं। बताया कि पहाड़ों पर हावी पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे मैदान को भी प्रभावित कर रहा है। उधर, ताउते हावी है लिहाजा हवा के साथ बारिश और ओले गिरने की आशंका है।