चेकिंग करती पुलिससि टीम और विभागीय अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
गोपनीय सूचना मिलने पर बुधवार देर रात हुई कार्रवाई, रिपोर्ट दर्ज
बरेली/भमोरा। बिजली विभाग ने एक कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारकर करीब सवा करोड़ रुपये की बिजली चोरी पकड़ी है। परिसर में सीधे हाईटेंशन लाइन से कनेक्शन जुड़ा मिला। विभाग ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
बुधवार शाम अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) एसटी जलील को फोन पर सूचना मिली तो उन्होंने सबसे पहले गोपनीय तरीके से पड़ताल कराई। सूचना सही पाए जाने पर 20 अफसरों की टीम तैयार की और खुद टीम के साथ जाकर रात 11:30 बजे बदायूं रोड पर गांव भोलापुर के पास स्थित स्नेह कोल्ड स्टोरेज पर छापा मारा। उस वक्त कोल्ड स्टोरेज के गेट पर ताला लगा था। चौकीदार से ताला खोलने को कहा तो उसने मनाकर दिया। इसके बाद टीम ने भमोरा थाने से पुलिस बुला ली। पुलिस ने ताला तुड़वा दिया। टीम अंदर पहुंची तब तक लाइन से केबल अलग कर दिया गया, लेकिन बिजली चोरी के सबूत नहीं मिटाए जा सके। कोल्ड स्टोरेज में 110 हार्सपावर का कनेक्शन लगा मिला। मीटर से लाइन बाईपास कर काफी समय से चोरी होने की जानकारी वहां के स्टाफ से मिली। टीम ने मीटर, केबल आदि अपने कब्जे में ले लिया। विभाग ने विजिलेंस थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है। एसई ग्रामीण ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर करीब सवा करोड़ रुपये की चोरी का अनुमान है। छापा टीम में उमेश चंद्र सोनकर, रामदास, विजय कनौजिया, एमके सिंह, बबलू कुमार, अजय यादव, सुशील कुमार समेत 20 से ज्यादा अफसर शामिल रहे।