लाभार्थियों को सौंपेंगे प्रमाणपत्र
डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि बरेली कॉलेज से ही मुख्यमंत्री स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग जागरूकता अभियान की रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इस बीच अलग-अलग योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र के साथ टूलकिट व चेक भी मुख्यमंत्री सौंपेंगे।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके लिए नवाबगंज और बरेली कॉलेज मैदान के अलावा गौशालाओं के निरीक्षण भी किया गया।
ये भी पढ़ें- बदायूं में मुस्कान की हत्या: नौटंकी में डांस देख आया रिजवान का दिल... दूसरी शादी की, इस जिद पर दी दर्दनाक मौत
100 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री बरेली कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान सौ एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बरेली समेत 18 जिलों के लिए रवाना करेंगे। रविवार को शासन द्वारा भेजी गई सौ नई एंबुलेंस का बिशप मंडल मैदान में पहुंचने का क्रम जारी रहा। वहीं, स्वास्थ्य संबंधी अन्य घोषणाएं भी होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विजिट: फैक्ट फाइल
- 932.59 करोड़ रुपये के कुल विकास कार्यों की मिलेगी सौगात।
- 507.44 करोड़ रुपये के कामों का होगा लोकार्पण।
- 425.15 करोड़ रुपये के कामों का किया जाएगा शिलान्यास।
नाथ नगरी के चारों द्वार स्वागत के लिए तैयार
नाथनगरी में प्रवेश के समय स्वागत करने के लिए चारों द्वार तैयार हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों अलखनाथ, तपेश्वरनाथ, बनखंडीनाथ और महंत अवैद्यनाथ द्वार का लोकार्पण होना है। इसके साथ ही बीडीए की करीब 200 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास होना है।
एमएसएमई इंडस्ट्रियल टाउनशिप का मॉडल देखेंगे
रहपुरा जागीर में 113 हेक्टेयर जमीन पर प्रस्तावित बरेली एमएसएमई इंडस्ट्रियल टाउनशिप का मॉडल भी मुख्यमंत्री देखेंगे। विकास प्राधिकरण ने प्रस्तावित योजना का मॉडल तैयार कर लिया है। इसमें 150 से अधिक उद्यमियों को भूखंड मिल सकते हैं। अब तक 750 से अधिक आवेदन आए हैं।
15 एकड़ जमीन पर बना अटल आवासीय विद्यालय
नवाबगंज के अधकटा नजराना गांव में करीब 73.35 करोड़ रुपये की लागत से 15 एकड़ भूमि पर अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। बरेली मंडल के श्रमिकों के मेधावी बच्चों को इसमें अपना भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा। इसी सत्र से यहां पढ़ाई भी शुरु हो जाएगी। मुख्यमंत्री इस विद्यालय को उद्घाटन कर सकते हैं।
रविवार को एडीजी जोन रमित शर्मा, मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, सीडीओ जग प्रवेश, एसडीएम नवाबगंज अजय कुमार उपाध्याय, सहायक श्रमायुक्त बाल गोविंद ने अटल आवासीय विद्यालय में चल रहीं तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल अधकटा नजराना में ही स्थित गोशाला का भी निरीक्षण करने अधिकारी पहुंचे।