बरेली कॉलेज मैदान में लगाया जा रहा पंडाल
- फोटो : अमर उजाला
4.02 करोड़ से विकसित होंगे कांवड़ स्थल
नाथ कॉरिडोर के पर्यटन विकास पर मुख्यमंत्री का फोकस है। यह सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके जरिये बरेली को टूरिज्म के नए हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इससे बड़े स्तर पर लोगों के लिए रोजगार सृजित होंगे। इसी क्रम में छह अगस्त को मुख्यमंत्री कांवड़ स्थलों के विकास के लिए 4.02 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
विकसित होगा अहिच्छत्र दिगंबर जैन मंदिर
आंवला विधानसभा क्षेत्र में रामनगर स्थित अहिच्छत्र दिगंबर जैन मंदिर का पर्यटन विकास होगा। इस पर 1.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कामों का मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे।
डीएम ने अधिकारियों को बांटी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के आगमन पर तैयारियों के क्रम में डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों को जिम्मेदारी बांट दी है। सीडीओ देवयानी को जनसभा स्थल की जिम्मेदारी दी गई है। अपर आयुक्त नगर निगम शशि भूषण राय मुख्यमंत्री के आवागमन वाले रास्ते पर और जन सभा स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था देखेंगे। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी और एआरटीओ प्रवर्तन पीके सरोज लाभार्थियों के लिए बस व अन्य वाहनों का इंतजाम करेंगे। इसी तरह अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गईं हैं।
400 बसों से जनसभा में आएंगे 23 हजार लोग
बरेली कॉलेज में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे। जनसभा में गांव से लोगों को लाने की जिम्मेदारी डीडीओ दिनेश कुमार यादव और डीपीआरओ कमल किशोर को मिली है। इन दोनों अधिकारियों ने रविवार को विकास भवन सभागार में ब्लॉक के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना तैयार की। इसमें उपायुक्त स्वत: रोजगार योगेंद्र लाल भारती व डीपीओ मनोज कुमार भी थे। करीब डेढ़ घंटे की बैठक के बाद डीडीओ ने बताया कि जनसभा में करीब 23 हजार लोगों को गांवों से लाना है। इसके लिए 400 बसों की जरूरत है। बसों का इंतजाम एआरटीओ प्रवर्तन को करना है। इसके लिए उन्हें अवगत भी कराया गया है।